महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर दिए सख्त निर्देश
सोनभद्र,। पुलिस उप महानिरीक्षक, विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर श्रीमती पूनम ने गुरुवार को सोनभद्र भ्रमण के दौरान पुलिस लाइन चुर्क एवं थाना रॉबर्ट्सगंज का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्द, स्टोर रूम, गणना कार्यालय, जीडी कार्यालय, आदेश कक्ष, परिवहन शाखा, बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार और आवासीय परिसर समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, अनुशासन और कल्याणकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इन्हें बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने थाना रॉबर्ट्सगंज का निरीक्षण किया। थाना कार्यालय, अभिलेख, मालखाना, हवालात, सीसीटीवी कैमरे, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन और व्यवस्थित रखने तथा सभी प्रविष्टियां समयबद्ध एवं शुद्ध रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
डीआईजी ने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी, फरार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी दबिश और हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
महिला सुरक्षा और साइबर अपराध की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र पहुंचकर मिशन शक्ति रजिस्टर और महिला बीट रजिस्टर की समीक्षा की गई। महिला बीट कर्मियों को महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए साइबर अपराध और ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर पीड़ितों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही आमजन को साइबर अपराध से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने थाना परिसर की स्वच्छता, अनुशासन, सकारात्मक कार्यप्रणाली और पुलिस-जन संवाद को और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

