375 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद, पल्सर बाइक जब्त; एक साथी धान के खेत में भाग निकला
करमा/सोनभद्र। अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करमा पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 375 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 02 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम सेमरी रोड तिराहा के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाहगंज की ओर से करमा रोड की तरफ पल्सर मोटरसाइकिल से दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर सेमरी गांव की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस की घेराबंदी देखकर दोनों बाइक छोड़कर धान के खेत की ओर भागने लगे। टीम ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। तलाशी के दौरान गिरफ्तार युवक के कब्जे से 375 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमान्शू गौतम (22), पुत्र रामफल गौतम, निवासी इमलियापुर फुलवारी, थाना करमा, सोनभद्र के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथ मौजूद साथी के मौके से फरार होने की जानकारी दी। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना करमा में मु0अ0सं0 172/2026, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश राय के निर्देशन में करमा पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने की।

