दहेज प्रताड़ना मामले में फरार कमल हसन व नसीमा बीबी के घर चस्पा हुआ इश्तेहार

डेढ़ वर्ष से फरार आरोपियों की तलाश में नगर उंटारी महिला थाना पुलिस ने विंढमगंज पुलिस के सहयोग से की कार्रवाई


जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी/विंढमगंज। दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के मामले में करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे दो आरोपियों के विरुद्ध गुरुवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की। नगर उंटारी महिला थाना कांड संख्या 05/2025, दिनांक 12 मार्च 2025 से संबंधित मामले में आरोपी कमल हसन और नसीमा बीबी के खिलाफ न्यायालय नगर उंटारी, गढ़वा द्वारा इश्तेहार जारी किया गया है।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को नगर उंटारी महिला थाना पुलिस ने विंढमगंज थाना पुलिस के सहयोग से सोनभद्र के महुली गांव स्थित आरोपियों के घर पहुंचकर डुगडुगी बजवाई। इसके बाद न्यायालय द्वारा जारी इश्तेहार को आरोपियों के घर पर चस्पा किया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गिरफ्तारी के भय से लंबे समय से फरार चल रहे हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को मामले की जानकारी देते हुए आरोपियों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय नगर उंटारी अथवा महिला थाना नगर उंटारी में शीघ्र आत्मसमर्पण करने की हिदायत भी दी। न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा रही।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक रुक्मनी कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक गीता कुमारी, आरक्षी रेखा कुमारी तथा विंढमगंज थाना के हेड कांस्टेबल ऐनुल हुदा मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए