बारिश बनी आफत: खरहरा के झरिया टोले में कई मकान धराशायी, बेघर हुए परिवार

जुगैल/ओबरा (सोनभद्र)। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण इलाकों में तबाही मचा दी है। थाना जुगैल क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरहरा स्थित झरिया टोले में बारिश के कहर से कई लोगों के मकान गिर गए, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। मकान गिरने से घर-गृहस्थी का सामान भी मलबे में दबकर बर्बाद होने की बात सामने आई है। झरिया टोला निवासी सीता देवी पत्नी रामसुमेर का मकान लगातार बारिश के कारण धराशायी हो गया। वहीं रामसुभग पुत्र लखपति के मकान को भी बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। अचानक मकान गिरने से परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण मिट्टी की पकड़ कमजोर हो गई है और जर्जर मकानों पर खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई परिवार भय के साये में रहने को मजबूर हैं और उन्हें आशंका है कि बारिश जारी रही तो अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।

मुआवजे और तत्काल मदद की उठी मांग

मकान गिरने से प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर टीम भेजकर नुकसान का सर्वे कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता और आवासीय मदद उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही जर्जर मकानों का भी सर्वे कराया जाए, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें। बारिश के बीच मलबे में तब्दील हुए आशियानों ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब प्रभावित परिवारों की नजर प्रशासन की राहत और मदद पर टिकी हुई है।

ये भी पढ़िए