तकनीक से बदलेंगे सोनभद्र के परिषदीय विद्यालय

सीसीटीवी की निगरानी में होगी पढ़ाई से लेकर सुरक्षा तक की व्यवस्था


सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने तकनीक आधारित पहल शुरू की है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कम्पोजिट विद्यालय कनच, पेढ़ एवं धुरकरी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इस व्यवस्था के लागू होने से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से लेकर शिक्षक उपस्थिति, मिड-डे-मील, स्वच्छता और सुरक्षा तक पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
सीसीटीवी कैमरों के जरिए कक्षाओं में चल रही पठन-पाठन की गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति एवं समयबद्धता तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर नजर रखी जाएगी। इससे विद्यालयों में अनुशासन कायम करने के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
विद्यालयों में संचालित मिड-डे-मील व्यवस्था की भी निगरानी कैमरों के माध्यम से की जा सकेगी। भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, स्वच्छता, वितरण व्यवस्था तथा रसोईघर की साफ-सफाई पर नजर रहने से व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के आवागमन, बच्चों की सुरक्षा तथा विद्यालय की संपत्तियों की निगरानी भी सीसीटीवी के माध्यम से की जाएगी। बच्चों के विद्यालय पहुंचने से लेकर छुट्टी के समय तक परिसर की गतिविधियों पर नजर रहने से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
किसी आकस्मिक घटना, विवाद अथवा अव्यवस्था की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से वास्तविक स्थिति की जानकारी हासिल कर त्वरित कार्रवाई करने में भी प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन को मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन की यह पहल महज निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, स्वच्छता, अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को तकनीक के माध्यम से मजबूत करना है। आने वाले समय में यह व्यवस्था विद्यालयी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

ये भी पढ़िए