परसाटोला-चैनपुर मार्ग की चमकी किस्मत: खबर छपने के बाद हरकत में आया PWD, सड़क से हटाया गया कीचड़
बभनी (सोनभद्र):
प्रशासनिक उपेक्षा और छह साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार परसाटोला-चैनपुर मार्ग के दिन बहुरने की उम्मीद जग गई है। मीडिया में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) नींद से जागा और त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क पर फैले दलदल व कीचड़ को साफ करवा दिया। विभाग के इस कदम से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
छह साल से बदहाली का शिकार था मार्ग
बभनी ब्लॉक के परसाटोला तिराहे से चैनपुर तक महज 300 मीटर का यह टुकड़ा पिछले छह वर्षों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त था। गड्ढों और कीचड़ से पटी यह सड़क चैनपुर पोखरा, मुनगाडीह, चकसानी और मचबन्धवां समेत आधा दर्जन गांवों के लिए आवागमन का एकमात्र जरिया है। सड़क की बदतर हालत के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार गुहार लगाने के बावजूद जब सुनवाई नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों में रोब व्याप्त था।
PWD ने जेसीबी से साफ कराया रास्ता
जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद PWD प्रशासन हरकत में आया। विभाग ने मौके पर जेसीबी मशीन भेजकर सड़क पर जमा कीचड़ और कीचड़नुमा दलदल को हटवा दिया। इससे फिलहाल राहगीरों को आवागमन में तात्कालिक राहत मिल गई है।
जल्द शुरू होगा पक्का निर्माण: जूनियर इंजीनियर
मौके का निरीक्षण करने पहुंचे निर्माण खंड के जूनियर इंजीनियर जितेंद्र कुमार तिवारी ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जानकारी दी कि सड़क पर जमा कीचड़ को साफ करवा दिया गया है और शासन स्तर से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलते ही इस महत्वपूर्ण मार्ग के पक्के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।
अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों में यह उम्मीद बंध गई है कि जल्द ही उन्हें छह साल पुराने गड्ढों और कीचड़ के दलदल से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

