जिला पंचायत संसाधन केंद्र में भव्यता के साथ मनाया गया 11वां आयुर्वेद दिवस, विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
सोनभद्र, । जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC) में बुधवार को 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिलास्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आयुर्वेद लोकजीवन में स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ विभिन्न रोगों की चिकित्सा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वस्थ जीवनशैली, खानपान और दैनिक दिनचर्या में आयुर्वेदिक सिद्धांतों को अपनाकर जीवन को अधिक स्वस्थ एवं संतुलित बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद दिवस के महत्व एवं उद्देश्यों पर आधारित भाषण, निबंध, क्विज, पोस्टर पेंटिंग और रील वीडियो निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय, कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, ओम प्रकाश कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज, जिला शैक्षणिक प्रशिक्षण संस्थान तथा राजकीय महिला महाविद्यालय राबर्ट्सगंज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी ने सम्मानित किया। इसके साथ ही प्रतिभागी शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विश्वकर्मा, 50 शय्या आयुष चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. ज्योतिर्जय सहित वरिष्ठ चिकित्सक, आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। डॉ. अपूर्व प्रियदर्शी ने मंच संचालन करते हुए आयुर्वेद की उपयोगिता एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को आयुर्वेद के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।

