चोपन थाने के एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में था वांछित, वारफॉल सर्विस लेन से गिरफ्तारी
सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6.84 ग्राम हेरोइन के साथ एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी थाना चोपन में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में अनपरा पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वांछित अपराधियों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर वारफॉल सर्विस लेन स्थित हैंडपंप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर करीब 02:31 बजे पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पारदर्शी पॉलिथीन में कुल 6.84 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू यादव पुत्र चंदीप यादव, निवासी आराखटाल, रेनूसागर, थाना अनपरा, सोनभद्र के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना चोपन के मुकदमा अपराध संख्या 319/2026, धारा 8/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 111(2), 111(4) बीएनएस में वांछित था।
बरामदगी के आधार पर थाना अनपरा में मु0अ0सं0 195/2026, धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जयशंकर राय, हेड कांस्टेबल विजय कुमार और कांस्टेबल संजय कुमार पाल शामिल रहे।

