सोनभद्र,। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ गुरुवार को जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने ग्राम मारकुंडी से किया। अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहते हुए गांव की गलियों में पैदल भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्वच्छता तथा संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि घरों के आसपास पानी का ठहराव न होने दें और नियमित रूप से साफ-सफाई रखें। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया सहित मच्छरजनित एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए घर और आसपास स्वच्छता बेहद जरूरी है। बुखार अथवा बीमारी के अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराने की सलाह दी।
01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों की टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, वेक्टर जनित एवं जलजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। घर-घर जाकर साफ-सफाई, जलजमाव की रोकथाम, स्वच्छ पेयजल के इस्तेमाल और बुखार की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों में विशेष रूप से स्वच्छता और जलजमाव रोकने पर जोर रहेगा।
12 अक्टूबर से शुरू होगा दस्तक अभियान
दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से शुरू होगा। इसके तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बुखार, कुष्ठ, क्षय रोग, फाइलेरिया एवं आईएलआई के संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। संभावित मरीजों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया भी संचालित होगी।
जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी और परिणामपरक ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल सरकारी विभागों के प्रयास से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलजमाव की रोकथाम और जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, बीएसए मुकुल पाण्डेय, बीडीओ लालजी शुक्ला, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डी.एन. श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य, विकास, पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता एवं सफाईकर्मी मौजूद रहे।

