रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली : चंदौली जनपद के नौगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम तेदुआ पश्चिमपार के मजदूरों ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराकर अपनी बकाया मजदूरी दिलाने की गुहार लगाई है। मजदूरों का आरोप है कि काम करने के बावजूद उन्हें पूरा भुगतान नहीं किया गया है और मजदूरी मांगने पर अधिकारी द्वारा जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
समाधान दिवस प्रभारी को सौंपे गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, तेदुआ से उदीतपुर सुरा तक क्षेत्र पंचायत सदस्य मझगवां (रेशमा) द्वारा कराए गए कार्य में मजदूरों ने काम किया था। पीड़ित मजदूरों (राजेश, मराहू, लक्ष्मन, मुरली आदि) का कहना है कि उन्होंने और उनके परिवार के लोगों ने मार्च 2025 में लगातार कार्य किया था। हालांकि, काम के एवज में किसी को केवल 5 दिन तो किसी को 7 दिन की ही मजदूरी दी गई, जबकि बाकी का भुगतान बकाया है।
अधिकारी पर धमकी देने का आरोप
मजदूरों का कहना है कि जब वे अपनी बकाया मजदूरी की मांग को लेकर बीडीओ (B.D.O.) साहब के पास गए, तो उनसे कहा गया कि सारा पैसा भेजा जा चुका है। आरोप है कि बीडीओ ने दोबारा प्रार्थना पत्र न देने की चेतावनी देते हुए कहा कि “मजदूरी मत मांगना, नहीं तो जेल जाना पड़ेगा”।
जांच और कार्रवाई की मांग
अधिकारी की इस धमकी और मजदूरी न मिलने से परेशान ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में अपनी आपबीती सुनाई और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पीड़ितों ने प्रशासन से निवेदन किया है कि मामले की जांच कर उन्हें उनकी कड़ी मेहनत का पूरा बकाया भुगतान जल्द से जल्द दिलाया जाए।

