वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, आग लगने से दो की मौत

सोनभद्र: रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर लोहरा सबस्टेशन के समीप बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। राखड़ लदे तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंचा ट्रेलर
जानकारी के अनुसार, राखड़ लदा ट्रेलर अनपरा की ओर से आ रहा था। लोहरा सबस्टेशन के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंचा और सामने से वाराणसी की ओर आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में लपटों ने दोनों गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान एक चालक ने चलती गाड़ी से छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच आसपास के लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी रणधीर मिश्रा पुलिस बल और दमकल विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में एक वाहन चालक बताया जा रहा है, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के घातक परिणामों को उजागर कर दिया है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

ये भी पढ़िए