चोरी के माल को बेचने निकले थे, अनपरा पुलिस ने रास्ते में दबोचा

दो बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में, 11 बोरी केबिल तार व ई-रिक्शा बरामद


अनपरा, सोनभद्र। थाना अनपरा पुलिस ने इलेक्ट्रिक दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए इलेक्ट्रिक केबिल तार से भरी 11 बोरियां तथा चोरी में प्रयुक्त TVS KING EP4 ई-रिक्शा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अनपरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को अनपरा क्षेत्र के वार्ड नंबर-03 स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने इलेक्ट्रिक केबिल तार चोरी कर लिए थे। मामले में थाना अनपरा पर मु0अ0सं0-187/2026 के तहत धारा 305(a), 331(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर 15 सितंबर को दुल्लापाथर रोड स्थित जियो टावर के पास घेराबंदी की। यहां TVS ई-रिक्शा से चोरी का केबिल तार ले जाते हुए सुरेन्द्र कुमार (22 वर्ष), निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा को गिरफ्तार किया गया तथा दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।


बरामद सामान की पहचान वादी द्वारा अपनी दुकान से चोरी किए गए सामान के रूप में की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे 13 सितंबर की भोर में चोरी के उद्देश्य से ई-रिक्शा लेकर सिनेमा रोड की ओर घूम रहे थे। वार्ड नंबर-03 में सुनसान स्थान देखकर इलेक्ट्रिक दुकान का ताला तोड़ा और केबिल तार बोरियों में भरकर ई-रिक्शा से ले गए। रास्ते में कुछ बोरियां गिर गईं, जिन्हें वे उठा नहीं सके। शेष माल को छिपाकर बाद में बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने बरामदगी में 30 बण्डल 2.5 एमएम एल्यूमिनियम केबिल, 13 बण्डल 2.5 एमएम एल्यूमिनियम केबिल, 08 बण्डल कॉपर केबिल तथा 02 बण्डल 6 एमएम 4-कोर कॉपर केबिल शामिल होने की जानकारी दी है। इसके अलावा चोरी के माल के परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा संख्या UP64CT6064 भी बरामद किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जयशंकर राय, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह यादव, कांस्टेबल मो. खलील अहमद, कांस्टेबल सौरभ वर्मा तथा महिला हेड कांस्टेबल किरन यादव शामिल रहे।

ये भी पढ़िए