सोनभद्र: जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना अनपरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर करीब 1 लाख रुपये मूल्य की अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
ककरी जीएम ऑफिस के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध जारी कार्रवाई के तहत, अनपरा पुलिस टीम ने शनिवार को जीएम ऑफिस ककरी के पास घेराबंदी की। यहाँ से सोनू कुमार(19 वर्ष) निवासी ककरी कॉलोनी को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.63 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
पुड़िया बनाकर ₹500 में बेचता था नशा
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सोनू कुमार ने बताया की वह सूरज कुमार उर्फ सूरज जैक्स निवासी रेहटा से हेरोइन प्राप्त करता था। बरामद हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर वह ₹500 प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचता था। इस अवैध धंधे से होने वाली कमाई का आधा हिस्सा मुख्य सप्लायर सूरज जैक्स को जाता था। मुख्य आरोपी सूरज बाहरी राज्यों या जनपदों से नशे की खेप लाकर स्थानीय युवाओं के माध्यम से सप्लाई करवाता है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार दूबे हेड कांस्टेबल विजय कुमार और कांस्टेबल सौरभ वर्मा शामिल रहे। पुलिस संदेश:जनपद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

