सोनभद्र में दुस्साहसिक लूट: सराफा कारोबारी पर चाकू से हमला, हवाई फायरिंग के बीच 300 ग्राम सोना और 8 किलो चांदी लूटी


सोनभद्र। जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने कारोबारी को रोककर जेवरात से भरा झोला छीन लिया। विरोध करने पर पहले हवाई फायरिंग की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर कारोबारी को घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने लूट, मारपीट और फायरिंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। शीशटोला जंगल और आसपास के इलाकों में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के रघुनाथ नगर थाना क्षेत्र के चपकी निवासी सराफा कारोबारी कुलधीर कुमार सेठ शनिवार रात बाजार से दुकान का सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल के पास पहुंचे, अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने जेवरात से भरा झोला सौंपने की धमकी दी। कारोबारी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने पहले हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई, फिर चाकू से लगातार तीन वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश जेवरात से भरा झोला लेकर फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी के अनुसार, लूटे गए झोले में करीब 300 ग्राम सोने के आभूषण, 8 किलो चांदी के जेवर तथा दुकान का बहीखाता रखा था। घटना के बाद दो बदमाश जंगल की ओर पैदल भाग निकले, जबकि तीसरा आरोपी बाइक से जिगनहवा की दिशा में फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जंगल के रास्तों पर गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़िए