सोनभद्र। अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही सोनभद्र पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना शक्तिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनसीएल क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने महज कुछ ही समय में चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार लोहे के मोटर तथा एक मोटर का कॉपर तार बरामद कर लिया। इस कार्रवाई को औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में थाना शक्तिनगर पुलिस ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार थाना शक्तिनगर पर दर्ज मु0अ0सं0-132/2026 की विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना एवं सक्रिय पुलिसिंग के आधार पर रविवार तड़के 03:32 बजे दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एनसीएल क्षेत्र से मोटर और कॉपर तार चोरी कर छिपा रखा था और उसे बेचने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धानू सरदार (24 वर्ष) एवं रंजीत लागोरी (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से चोरी की गई 04 लोहे की मोटर एवं 01 मोटर का कॉपर तार बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय, मुख्य आरक्षी दिनेश भारती, आरक्षी सचिन तिवारी एवं आरक्षी कमल की अहम भूमिका रही।
लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही सोनभद्र पुलिस की यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

