सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल (UP64BC0234) बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को शक्तिनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एमजीआर बस्ती रेलवे लाइन के पास से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ सूरज गिरी (24) और शिवा कुमार स्वीपर (20) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल को 15 अगस्त को रेलवे लाइन फील्ड के पास काली मंदिर, शक्तिनगर से चोरी करना स्वीकार किया। ई-चालान एप के माध्यम से जांच करने पर बाइक अशोक गुप्ता निवासी काली मंदिर बस स्टैंड, शक्तिनगर के नाम पंजीकृत मिली। पुलिस ने वाहन स्वामी को मौके पर बुलाकर बाइक की पहचान कराई, जिसके बाद चोरी की मोटरसाइकिल होने की पुष्टि हुई।
मामले में थाना शक्तिनगर पर मु0अ0सं0-153/2026, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सूरज गिरी का पूर्व में भी चोरी समेत कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं दूसरे आरोपी शिवा कुमार के विरुद्ध भी पूर्व में मुकदमा दर्ज है।कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सदाशिव राय, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार भारती एवं कांस्टेबल अमृतलाल की टीम ने की। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

