खाद वितरण में लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन: 6 सहकारी समितियों के सचिवों का वेतन रोका

सोनभद्र । खरीफ सीजन में किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाया है। उर्वरक वितरण में मिल रही शिकायतों के बाद उनके निर्देश पर बुधवार को जनपदभर की सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण में अनियमितता और लापरवाही मिलने पर छह समितियों के सचिवों के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद स्तरीय अधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों ने विभिन्न बी-पैक्स (सहकारी समितियों) का भ्रमण कर डीएपी एवं यूरिया की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रामगढ़ बी-पैक्स (कोन) में खाद वितरण में अनियमितता पाई गई, जबकि अरौली, म्योरपुर, चोपन और कुरहर बी-पैक्स सहित कई समितियां बंद मिलीं, जहां किसानों को डीएपी का वितरण नहीं किया जा रहा था।
लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित छह समितियों के सचिवों के वेतन भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अन्य सहकारी समितियों में किसानों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार खाद का वितरण होता मिला। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो।
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और खरीफ सीजन में किसानों को समयबद्ध ढंग से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि खेती-किसानी प्रभावित न हो।

ये भी पढ़िए