मत्स्य मंत्री का सोनभद्र में औचक निरीक्षण: रिहंद और ओबरा बांध में अनियमितता पर कड़ा प्रहार, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

(रँगेश सिंह)सोनभद्र,: उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने शुक्रवार को जनपद सोनभद्र का औचक दौरा किया। पिछले कई दिनों से विभाग और स्थानीय लोगों की मिलीभगत से हो रही अनियमितताओं की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत स्थापित रिहंद और ओबरा बांध का भौतिक निरीक्षण किया।

मौके पर खामियां देख भड़के मंत्री


निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. निषाद सुरक्षा उपकरणों की परवाह किए बिना स्वयं केज जेटी के फ्लोर पर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने केज सिस्टम में कई खामियां पाईं। इस दौरान उनके साथ मत्स्य विभाग के निदेशक श्री एन.एस. रहमानी, संयुक्त निदेशक श्री अनिल कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने निदेशक और संयुक्त निदेशक को बारीकी से जांच कर आगामी तीन कार्यदिवस के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के कड़े निर्देश दिए हैं।

पीड़ित महिला के घर पहुंचकर सुनी समस्या

मंत्री डॉ. निषाद ने रिहंद जलाशय क्षेत्र की निवासी पूजा देवी के घर जाकर उनकी व्यथा सुनी। पीड़िता ने बताया कि कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा उनसे पैसों की मांग की जाती है और काम करने से रोका जाता है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री ने संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता को किसी भी तरह की धमकी या बाधा नहीं मिलनी चाहिए और उन्हें हर हाल में न्याय दिलाया जाए।

दोषियों पर होगी नज़ीर बनने वाली कार्रवाई

मीडिया से बात करते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि मिर्जापुर मंडल सहित अन्य स्थानों से योजनाओं में घालमेल की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मंत्री ने कहा, “यदि एक भी शिकायत सही पाई जाती है, तो मत्स्य विभाग में ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो नज़ीर बनेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक एजाज़ नकवी, सुरेश कुमार, धर्मेंद्र बघेल सहित जिलाधिकारी द्वारा नामित एडीएम (न्यायिक), पुलिस अधीक्षक द्वारा नामित सीओ पिपरी एवं सदर, सहायक निदेशक मत्स्य और संबंधित तहसीलों के एसडीएम भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए