जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया भट्टी मोड़ के पास शुक्रवार सुबह दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रही एक युवती और स्कूल जा रही छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि छात्रा के चाचा को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे गुलालझरिया निवासी संजू गौड़ (22) पुत्री सत्यनारायण अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक में भट्टी मोड़ स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भराकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह पेट्रोल पंप से निकलकर मुख्य मार्ग पर आईं, सामने से आ रही टीवीएस स्पोर्ट बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।बताया गया कि दूसरी बाइक पर सायल सरडीहा निवासी विकास कुमार अपनी भतीजी महिमा (13) पुत्री उमाशंकर को दुद्धी स्थित सोनांचल इंटर कॉलेज छोड़ने जा रहे थे। महिमा कक्षा 6 की छात्रा बताई गई है ।

हादसे में बाइक चला रही संजू गौड़ और छात्रा महिमा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि विकास कुमार को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में देरी होता देख घायलों को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी भेजा गया। रास्ते में घटनास्थल की ओर आ रही 108 एंबुलेंस मिली, जिसके बाद संजू गौड़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार और हीरालाल ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी दुद्धी में डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों के सिर में चोटें आई हैं और इलाज जारी है ।

