बाजारों में सीसीटीवी और पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र। जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा और बाजारों में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने पहल तेज कर दी है। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पुलिस और व्यापारी समाज के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने की मांग उठाई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रभारी मुख्य संरक्षक सोनभद्र हाजी सलीम हुसैन, जिलाध्यक्ष धीरेंद्र जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद कैफ और नगर अध्यक्ष ओबरा आदिल खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रमुख बाजारों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, व्यापारिक क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने और साइबर अपराधों के प्रति व्यापारियों को जागरूक करने की मांग की।
इसके अलावा थाना स्तर पर पुलिस अधिकारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के बीच समय-समय पर बैठक आयोजित कराने पर भी जोर दिया, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस से त्वरित सहयोग मिल सके।
पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन और व्यापारी समाज एक-दूसरे के सहयोगी हैं। दोनों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी सहयोग से बाजारों में सुरक्षित माहौल कायम करने के साथ ही जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
अंत में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि संगठन जनहित, सामाजिक सौहार्द और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देता रहेगा।

ये भी पढ़िए