जनता दर्शन: पुलिस अधीक्षक ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, बोले’लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई’

सोनभद्र। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई (जनता दर्शन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने जनपद के कोने-कोने से आए नागरिकों की शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना। इस दौरान एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजस्व और पुलिस संबंधी मामलों की रही भरमार

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने मुख्य रूप से जमीन से जुड़े राजस्व विवादों और स्थानीय स्तर पर पुलिस कार्यवाही न होने संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं। पुलिस अधीक्षक ने एक-एक प्रकरण का बारीकी से संज्ञान लिया और मौके पर ही संबंधित क्षेत्राधिकारी (CO) व थाना प्रभारियों को फोन कर पारदर्शिता के साथ जांच करने के निर्देश दिए।


समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर


एसपी अभिषेक वर्मा ने सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह से निष्पक्ष और तथ्यपरक होनी चाहिए।पीड़ितों को की गई कार्यवाही की जानकारी समय पर दी जाए। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, वहां पुलिस तुरंत विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करे।


उत्पीड़न और विलंब पर दी चेतावनी


जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि यदि निस्तारण प्रक्रिया में किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा विलंब, उत्पीड़न या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।आमजन की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान ही सोनभद्र पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दर्शन का उद्देश्य पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास के सेतु को और मजबूत करना है।” अभिषेक वर्मा, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र।सोनभद्र पुलिस का यह कदम पारदर्शिता और जवाबदेही को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सोनभद्र पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प

ये भी पढ़िए