सोनभद्र : उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार और माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री राम सुलीन सिंह के मार्गदर्शन में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) श्री राहुल द्वारा महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं।
नगर निकायों के साथ बैठक: प्री-लिटिगेशन मामलों पर जोर
बुधवार दोपहर 03:00 बजे आयोजित बैठक में नगर पालिका परिषद राबर्ट्सगंज सहित जनपद की समस्त नगर पंचायतों (घोरावल, चुर्क, चोपन, डाला, ओबरा, दुद्धी, रेनुकूट, अनपरा व पिपरी) के अधिशासी अधिकारियों (EO) के साथ विचार-विमर्श किया गया। सचिव श्री राहुल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक नोटिसों का तामीला सुनिश्चित कराएं। जल कर, गृह कर और अन्य शमनीय मामलों को प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण हेतु प्रोत्साहित करें। बैठक में मुकेश कुमार (राबर्ट्सगंज), संजय कुमार (रेनुकूट), भोलानाथ कुशवाहा (पिपरी) सहित अन्य नगर निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।
UTRC कैम्पेन: बंदियों को मिलेगा विधिक लाभ
इससे पूर्व दोपहर 02:00 बजे UTRC कैम्पेन (द्वितीय फेज-2026) के तहत एक विशेष बैठक आहूत की गई। इसका मुख्य उद्देश्य जिला कारागार में निरुद्ध विचाराधीन और सिद्धदोष बंदियों को नियमानुसार अधिक से अधिक लाभ दिलाना और उनके मामलों का निस्तारण करना है। इस बैठक में जिला कारागार अधीक्षक श्री अरुण कुमार मिश्र डिप्टी जेलर श्री गौरव कुमार और एल.ए.डी.सी. टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
इन मामलों का होगा निस्तारण
09 मई को आयोजित होने वाली लोक अदालत में निम्नलिखित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से किया जाएगा।। आपराधिक शमनीय वाद एवं धारा-138 एन.आई. एक्ट बैंक वसूली, श्रम वाद, और विद्युत/जल बिल विवाद।
मोटर दुर्घटना प्रतिकर (MACT) और पारिवारिक विवाद।
राजस्व, भूमि अधिग्रहण और सेवा संबंधी (वेतन/भत्ता) मामले सचिव राहुल ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने लंबित वादों का त्वरित और सुलभ निस्तारण कराने के लिए इस राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

