घोरावल (सोनभद्र)। कठिन परिस्थितियां यदि हौसलों के आगे टिक नहीं पातीं, तो उसकी मिसाल घोरावल के महावीर कॉलोनी निवासी अजय पटेल ने पेश की है। नीट-2026 की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3187 हासिल कर अजय ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे सोनभद्र जनपद का गौरव बढ़ाया है। अजय ने 720 में से 632 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। अजय की सफलता पर उनके आवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां परिवार, मोहल्ले के लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें माल्यार्पण कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया के प्रधानाध्यापक राजेश सिंह ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अजय को सम्मानित किया।
पिता के निधन के बाद नहीं टूटा हौसला
अजय के पिता स्वर्गीय डॉ. जय सिंह घोरावल के प्रतिष्ठित चिकित्सक थे और वार्ड नंबर-8 स्थित आकांक्षा क्लीनिक का संचालन करते थे। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनका निधन हो गया। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी अजय की मां बेगमती के कंधों पर आ गई। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मां ने बेटे और बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
बिना कोचिंग, स्वाध्याय से रचा सफलता का इतिहास
अजय शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने गीतांजलि पब्लिक स्कूल, घोरावल से हाईस्कूल 91 प्रतिशत तथा राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज से इंटरमीडिएट 86 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण किया। पिता के निधन के बाद उन्होंने किसी कोचिंग का सहारा नहीं लिया और केवल मां की प्रेरणा व स्वाध्याय के बल पर दूसरे प्रयास में ही शानदार रैंक के साथ नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। अजय अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी मां को देते हैं। सम्मान समारोह में वक्ताओं ने की सराहना कार्यक्रम में संतोष पाठक एडवोकेट ने कहा कि अजय ने तहसील और जिले का नाम रोशन करते हुए अपने माता-पिता के सपनों को साकार किया है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि अजय शुरू से ही कुशाग्र बुद्धि के छात्र रहे हैं और उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। प्रधानाध्यापक राजेश सिंह ने कहा कि अजय की उपलब्धि उन छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उनकी सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और नियमित स्वाध्याय से बिना कोचिंग भी बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
इस अवसर पर डॉ. श्रीश, अरुण तिवारी एडवोकेट, मनोज तिवारी, दिलीप विश्वकर्मा, प्रशांत सिंह, गोपाल गोविंद पाल, शीश पाठक, सहज सिंह, आकाश पाठक, आशीष, सत्यम मिश्रा, सक्षम मिश्रा, आयुष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

