सोनभद्र (शक्तिनगर)जनपद में अवैध मादक पदार्थों और ईधन की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध डीजल और पेट्रोल जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना शक्तिनगर पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थानाध्यक्ष *कमल नयन दूबे को मुखबिर से सूचना मिली कि खड़िया ग्राम के पास एक वाहन में अवैध ईधन ले जाया जा रहा है।
तलाशी में मिला अवैध ईधन का जखीरा
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष और पूर्ति निरीक्षक म्योरपुर-दुद्धी अखिलेश कुमार तिवारी की टीम ने ग्राम खड़िया बोदरा बाबा के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन संख्या UP64CT5897को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस टीम दंग रह गई पिकअप के अंदर 4 प्लास्टिक ड्रमों में भरा लगभग 800 लीटर डीजल एक जरीकेन में रखा लगभग 30 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। पूछताछ और जांच के दौरान चालक वाहन में लदे ईधन से संबंधित कोई भी वैध प्रपत्र (कागज) प्रस्तुत नहीं कर सका। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

