सड़क से संसद तक गूंजेगा नौगढ़ का मामला: आदिवासियों के समर्थन में उतरे सांसद छोटेलाल खरवार, प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल

मदन मोहन | नौगढ़ (चंदौली : नौगढ़ क्षेत्र में वन भूमि पर बसे आदिवासी एवं दलित परिवारों के कथित बेदखली प्रकरण ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। रॉबर्ट्सगंज के सांसद छोटेलाल खरवार शुक्रवार को प्रभावित गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गरीबों के साथ अन्याय हुआ है तो इस मुद्दे को संसद तक उठाया जाएगा।
सांसद ने कहा कि गरीब, दलित और आदिवासी परिवारों के अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई में गरीबों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े भू-माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई देती। उन्होंने वन विभाग एवं राजस्व विभाग से इस संबंध में जवाब मांगे जाने की बात कही।
गौरतलब है कि 13 जुलाई को प्रशासन और वन विभाग की टीम पुलिस बल के साथ वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई दशकों से वहां निवास कर रहे हैं और उन्हें बिना पर्याप्त सुनवाई के हटाने का प्रयास किया गया। विरोध के चलते कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी।
सांसद के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। महिलाओं ने अपनी समस्याएं और आशंकाएं उनके सामने रखीं तथा सुरक्षा और आजीविका की मांग की।
सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए और किसी भी कार्रवाई से पहले गरीब परिवारों के अधिकारों एवं वैधानिक प्रक्रियाओं का पूरा पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो इस मामले को संसद में उठाकर प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर रामवृक्ष, अशोक, विनोद, रामकेश, वनदेवी, गंगा, रामचंद्र, शंभू, कमलेश, अंगद, रवि, सुनील, पप्पू, मटकी, कलावती, काली प्रसाद, मालती, राजदेव, मनोहर, राजेश, गोबिंद सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए