ओम शिव महिमा मेडिकल स्टोर पर छापा, नशीली दवाओं की जांच; दो संदिग्ध नमूने जब्त

सोनभद्र:खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आज जिलाधिकारी महोदय और सहायक आयुक्त (औषधि) विंध्याचल मंडल के निर्देश पर नशे के दुरुपयोग को रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई की है।

औचक छापेमारी और नमूने जब्त

मांगो तेंदु क्षेत्र में स्थित ओम शिव महिमा मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री की जांच हेतु औचक निरीक्षण और छापेमारी की गई। औषधि निरीक्षक के आने की सूचना मिलते ही आसपास के कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए और मौके से फरार हो गए। शटर डाउन करने वाले इन दुकानदारों को चेतावनी जारी की गई है।निरीक्षण के दौरान, ओम शिव महिमा मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर उपस्थित पाए गए। स्टोर पर गहनता से जांच की गई, जिसमें प्रोपराइटर कुछ दवाइयों के बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। बिल न दिखाने के संबंध में सहायक आयुक्त (औषधि) को निरीक्षण आख्या भेजी जा रही है और स्टोर को नोटिस जारी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध प्रतीत हो रही दो दवाइयों के नमूने जांच और गुणवत्ता परीक्षण हेतु लिए गए हैं, जिन्हें लैब में भेजा जा रहा है।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लैब रिपोर्ट आने पर औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के अंतर्गत सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल स्टोर संचालक को सख्त हिदायत दी गई है कि वे नशे में प्रयोग होने वाली दवाइयों का विक्रय बिना डॉक्टर के वैध पर्चे के न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

नशा मुक्ति हेतु जागरूकता

इस दौरान मेडिकल स्टोर तथा आसपास उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ जागरूकता के बारे में भी बताया गया, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों के बारे में संदेश दिया जा सके।

ये भी पढ़िए