सोनभद्र में इस वर्ष 1.70 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित करने की तैयारी, खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर
सोनभद्र,। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मूल्य समर्थन योजना के तहत धान खरीद की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को जनसुनवाई कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिले में धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने तथा खरीद से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खाद्य विभाग के अनुमोदित 38 धान क्रय केंद्रों को बढ़ाकर 50 करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंडी समिति और भारतीय खाद्य निगम के वर्तमान 02-02 क्रय केंद्रों में दो-दो केंद्र और बढ़ाने को कहा। जिला पीसीएफ को भी अपने 30 धान क्रय केंद्रों का प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में पिछले वर्ष हुई धान खरीद और जिले में धान की उत्पादकता की भी समीक्षा की गई। गत वर्ष जनपद में 1,25,837.34 मीट्रिक टन धान की वास्तविक खरीद हुई थी। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने इस वर्ष खरीद लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं उप निदेशक कृषि को आवश्यक कार्रवाई करते हुए 1,70,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किए जाने के लिए कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा और सुचारू खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उप निदेशक कृषि, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, मंडी सचिव रॉबर्ट्सगंज, जिला खाद्य विपणन अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

