सिंगरौली। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में स्नेह, अपनत्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, ई-कोल इंटरनेशनल स्कूल बैढ़न एवं संस्कार वैली विद्यालय बैढ़न की छात्राएं राखी लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की।
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रक्षाबंधन का पवित्र बंधन केवल स्नेह का प्रतीक नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में वे बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस से संपर्क करें।
इस दौरान छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया। आयोजन ने पुलिस और बेटियों के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता के रिश्ते को और मजबूत किया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात सूबेदार आशीष तिवारी, सउनि (एम) सतीश कुमार एवं प्रधान आरक्षक आशीष बागरी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस ने दोहराया कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।

