सोनभद्र।जनपद में वांछित और फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सोनभद्र पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोन पुलिस ने शुक्रवार को एक ऐसे शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जो साल 2001 से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा NBWऔर धारा 82/83 CrPC (कुर्की) की कार्यवाही भी प्रचलित थी।
पैतृक आवास से दबोचा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी ओबरा के मार्गदर्शन में थाना कोन पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह और चौकी प्रभारी चकरिया शिवप्रकाश यादव की टीम ने तत्काल घेराबंदी की और अभियुक्त राजेन्द्र चेरो (निवासी अंजोरी, रॉबर्ट्सगंज) को उसके पैतृक आवास से गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोन में मु0अ0सं0-20/2001 के तहत फॉरेस्ट एक्ट चोरी (379/411 भादवि) और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पकड़े जाने के डर से वह पिछले ढाई दशक से अपनी पहचान छिपाकर भाग रहा था। जिसके बाद अपर सिविल जज (जू0डि0) दुद्धी की अदालत ने उसके विरुद्ध सख्त वारंट जारी किए थे।
अपराधिक इतिहास और खुलासे
पुलिस की कड़ी पूछताछ में अभियुक्त राजेन्द्र चेरो ने कबूल किया कि वह केवल एक मामले में नहीं, बल्कि जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज करीब 6-7 मुकदमों में वांछित है। उसने यह भी बताया कि उस पर गैंगेस्टर एक्ट की कार्यवाही भी हो चुकी है, जिसके कारण वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था।
पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह थाना कोन, उ0नि0 शिवप्रकाश यादव चौकी प्रभारी चकरिया, का0 कृष्ण कुमार यादव व का0 सूरज कुमार
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून से भाग रहे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे वांछितों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। सोनभद्र पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प

