सोनभद्र पुलिस का बड़ा अभियान, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी
सोनभद्र। जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने के लिए सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न वाहनों से जब्त किए गए 70 मॉडिफाइड साइलेंसर, 450 प्रेशर हॉर्न और 100 हूटर सहित कुल 620 अवैध उपकरणों का मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित स्वर्ण जयंती चौक (बढ़ौली चौराहा) पर नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राज सोनकर के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। 18 अप्रैल 2026 से प्रत्येक शनिवार और रविवार को यातायात पुलिस एवं जनपदीय पुलिस द्वारा संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर भी सख्ती दिखाई जो सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में अश्लील, अभद्र एवं भड़काऊ गीत बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैला रहे थे। ऐसे चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जब्त किए गए सभी अवैध उपकरणों को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा आमजन को शांत, सुरक्षित और अनुशासित यातायात वातावरण उपलब्ध कराना है।
विनष्टीकरण कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सोनकर, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा तथा यातायात प्रभारी नरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग न करें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में अश्लील अथवा भड़काऊ गाने बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

