पत्रकार से दुर्व्यवहार की घोर निंदा, अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की मांग

बभनी (सोनभद्र)। बभनी में हिंदुस्तान के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रसेन पांडेय के साथ एक अवैध अस्पताल के संचालक द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के मामले में भारतीय पत्रकार एसोसिएशन (BPA) ने कड़ा रुख अपनाया है। बीती रात अवैध अस्पताल में सील की कार्रवाई पर समाचार संकलन के लिए गए पत्रकार से संचालक की अभद्रता को लेकर शिव मंदिर में BPA की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई।

बैठक में निंदा प्रस्ताव पास

भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरविंद दुबे ने इस घटना को कत्तई बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में विभागीय संरक्षण में ‘कुकुरमुत्ते की तरह’ संचालित हो रहे अवैध अस्पताल बड़े पैमाने पर गरीब आदिवासियों का शोषण कर रहे हैं।
पत्रकारों ने कहा कि ऐसे सामाजिक महत्व की खबर को संकलित करने पर जिस तरह से अवैध अस्पताल के संचालक ने अभद्रता की है, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। इस बैठक में अवैध निजी अस्पतालों के संचालन को लेकर एक निंदा प्रस्ताव भी पास किया गया।

प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग

BPA के जिलाध्यक्ष अरविंद दुबे ने प्रशासन से मांग की है कि पत्रकार बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकार अपनी रिपोर्टिंग ड्यूटी के तहत अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन संचालक का अभद्र व्यवहार न केवल मीडिया की स्वतंत्रता पर चोट है, बल्कि संवैधानिक मूल्यों का भी उल्लंघन है। एसोसिएशन ने प्रशासन से अस्पताल संचालक पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
बैठक में मुख्य रूप से संतोष दुबे, अजीत पांडेय, चंद्रशेखर पांडेय, पंकज साहू, सुजीत पांडेय, नरेश गुप्ता, श्याम जी पांडेय, राजू चंद्रवंशी, अफजल अहमद, और पीड़ित पत्रकार चंद्रसेन पांडेय सहित क्षेत्र के समस्त पत्रकार उपस्थित थे।

ये भी पढ़िए