रिपोर्ट—मदन मोहन चंदौली। भारतीय जनता पार्टी मंडल नौगढ़ के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य देवरीकला श्रीमती जूली देवी के पति स्वर्गीय रामनरेश सिंह खरवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को सुबह 11 बजे मुंबई स्थित श्मशान घाट पर विधि-विधान से संपन्न हुआ। दिवंगत के पार्थिव शरीर के पोस्टमार्टम से लेकर अंतिम संस्कार तक होने वाले संपूर्ण वित्तीय खर्च का वहन नौगढ़ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत कुमार सिंह ने किया।
दिवंगत रामनरेश सिंह खरवार के निधन के बाद मुंबई में आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी औपचारिकताओं को पूरा कराने में भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत सिंह खरवार के साथ ग्राम प्रधान लाल साहब खरवार, युवा समाजसेवी जयप्रकाश यादव, राकेश यादव, देवरीकला कंप्यूटर ऑपरेटर तथा नौगढ़ कंप्यूटर ऑपरेटर अयोध्या प्रसाद का सराहनीय योगदान रहा।
वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष के दोनों चचेरे भाई लक्ष्मण पुत्र भोला सिंह, बबुंदर पुत्र नारायण सिंह तथा नोनवट निवासी सहयोगी ने भी आवश्यक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए परिजनों को सहयोग प्रदान किया।
संयुक्त जिला अस्पताल माणगांव (रायगढ़) तथा जीआरपी द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद संबंधित दस्तावेज लक्ष्मण पुत्र भोला सिंह खरवार को सौंप दिए गए हैं। जीआरपी के अनुसार मेडिकल पोस्टमार्टम रिपोर्ट 3 से 4 दिनों में प्राप्त होने की संभावना है, जिसके बाद परिजनों को इसकी सूचना दी जाएगी। इसके अलावा करीब 15 दिनों के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराकर परिजनों को व्हाट्सएप के माध्यम से पीडीएफ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया बताई गई है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की ओर से शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।

