टोरंटो की तर्ज पर बदलेगी रॉबर्ट्सगंज की तस्वीर: फ्लाईओवर के नीचे बनेगा स्पोर्ट्स, फूड और ग्रीन जोन

सोनभद्र। जिले को आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र को कनाडा के टोरंटो स्थित विश्व प्रसिद्ध अंडरपास पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसका वित्तपोषण नॉर्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की सीएसआर निधि से होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य शहर को अधिक सुंदर, स्वच्छ और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। फ्लाईओवर के नीचे विकसित होने वाले क्षेत्र को स्पोर्ट्स जोन, फूड जोन और ग्रीन जोन में विभाजित किया जाएगा।
स्पोर्ट्स जोन में बच्चों के लिए आधुनिक झूले, बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट और ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे युवा और आम नागरिक खेलकूद व व्यायाम का लाभ उठा सकेंगे। फूड जोन में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जहां शहरवासी और बाहर से आने वाले लोग खानपान का आनंद ले सकेंगे।
ग्रीन जोन में आकर्षक पौधारोपण के साथ ‘ट्रिपल आर (Reduce, Reuse, Recycle)’ की थीम पर प्लास्टिक, रबर सहित पुनर्चक्रण योग्य सामग्री से तैयार कलात्मक स्कल्प्चर लगाए जाएंगे। इसके अलावा फ्लाईओवर के पिलरों और दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग बनाई जाएगी तथा लोगों के बैठने के लिए सुंदर और आरामदायक स्थान विकसित किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए फ्लाईओवर के नीचे ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा, जिससे यह स्थान दिन के साथ-साथ रात में भी आकर्षण का केंद्र बने। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य रॉबर्ट्सगंज को आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित कर प्रदेश के प्रमुख विकसित नगरों की श्रेणी में शामिल करना है।

ये भी पढ़िए