उफनती चंद्रप्रभा नदी में फंसे तीन सैलानी, पुलिस-वन विभाग की जांबाजी से बची जान

मदन मोहन

तेज बारिश के बाद अचानक बढ़ा जलस्तर, नदी के तेज बहाव में फंसे थे तीनों युवक

नौगढ़, चंदौली। रविवार की दोपहर राजदारी-देवदारी जलप्रपात क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक हुई मूसलाधार बारिश के बाद चंद्रप्रभा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी में स्नान कर रहे तीन सैलानी तेज बहाव के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही नौगढ़ पुलिस और वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
बताया गया कि घटना रविवार करीब तीन बजे की है। तीनों युवक राजदारी-देवदारी जलप्रपात से करीब 800 मीटर दूर चंद्रप्रभा बांध की ओर नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और पानी का बहाव तेज हो गया। स्थिति बिगड़ने पर तीनों युवक नदी की धारा में फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही चंद्रप्रभा चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल शिव जी शर्मा और कांस्टेबल सतीश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम भी आवश्यक बचाव सामग्री के साथ पहुंच गई। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने तेज बहाव के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों युवकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान आनंद सिंह (22), निवासी चंदौली, अभिषेक जायसवाल (19), निवासी नदेसर वाराणसी तथा करण मौर्य (21), निवासी चौकाघाट वाराणसी के रूप में हुई। सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस ने तीनों युवकों को प्राथमिक देखभाल उपलब्ध कराई। हालत सामान्य होने पर उन्हें सकुशल उनके घर भेज दिया गया।


मानसून में नदी-झरनों से दूर रहने की अपील


घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मानसून के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि बारिश के समय नदी, बांध और जलप्रपातों में अचानक जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे स्थानों पर तेज बहाव और गहरे पानी में जाना जानलेवा हो सकता है। पर्यटकों से मौसम खराब होने पर जलस्रोतों के आसपास न जाने की अपील की गई है।

ये भी पढ़िए