खेलते समय रसेल वाइपर के डंसने से 5 वर्षीय मासूम घायल, सीएचसी दुद्धी में भर्ती

(दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय मासूम को रसेल वाइपर सांप ने डंस लिया, जिससे वह घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार हरनाकछार गांव निवासी रवि सोनी का पांच वर्षीय पुत्र आरव रविवार शाम करीब 6 बजे घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे रसेल वाइपर सांप ने उसके बाएं पैर में डंस लिया।

बच्चे के रोने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए निजी वाहन से उसे सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी दुद्धी में चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में बच्चे का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक चिकित्सीय उपचार दिया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने का प्रयास करने के बजाय संबंधित विभाग को सूचना दें।

ये भी पढ़िए