राबर्ट्सगंज, सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में कानून-व्यवस्था एवं व्यापारी सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा ने की।
बैठक में सर्राफा व्यवसायियों, विभिन्न व्यापारियों, बैंक मित्रों, माइक्रो फाइनेंस कर्मियों तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर ने व्यापारियों की समस्याएं एवं सुझाव सुने और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
गोष्ठी में व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने, अधिक धनराशि के लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।
बैठक में पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनहित में मिलकर कार्य करने पर विस्तृत चर्चा हुई। अंत में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा ने सभी व्यापारियों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने और सुरक्षित व्यापारिक वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

