डीएम, एसपी, सीडीओ, डीपीआरओ समेत हिण्डालको प्रबंधन ने दी शुभकामनाएँ, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए रवाना
रेणुकूट (ऋषभ सिंह)सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के लिए गर्व का क्षण है। रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बुधवार को थाईलैंड के पटाया रवाना हो गए। वह 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 9वीं हीरोज़ ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में पुरुष अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विश्व के करीब 30 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
रवि सिंह इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ा चुके हैं। उन्होंने रोमानिया में आयोजित प्रतियोगिता में रजत पदक तथा नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का तिरंगा बुलंद किया था। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
थाईलैंड रवाना होने से पूर्व रवि सिंह ने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ खेलते हुए देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु तथा माता-पिता के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया।
रवि सिंह के चयन और विदेश रवाना होने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतने की कामना की।
वहीं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा सहित बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने भी रवि सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वर्णिम सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
रवि सिंह की यह उपलब्धि न केवल रेणुकूट बल्कि पूरे सोनभद्र और उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है। अब पूरे जनपद की निगाहें थाईलैंड में होने वाली इस प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहाँ सभी को उम्मीद है कि रवि सिंह एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतेंगे और देश का मान बढ़ाएंगे।

