सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा न करने की सलाह दी। कार्यक्रम में महिलाओं से जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1091, 181, 1930 एवं 1076 का तत्काल उपयोग करने की अपील भी की गई।
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

