जनसुनवाई में एसपी अभिषेक वर्मा ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की शिकायतें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व प्रकरण समेत पुलिस से संबंधित अन्य मामलों की शिकायतें प्राप्त हुईं।
एसपी ने प्रत्येक मामले का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों की तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच की जाए तथा पीड़ितों को कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें विधिक कार्रवाई बिना देरी के सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद एवं पारदर्शिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये भी पढ़िए