(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। जिले के मारकुंडी क्षेत्र में जल्द ही 50 एकड़ में सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट सेंटर, औद्योगिक इकाइयां, उत्पादों के आउटलेट तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। यहां आईटी, एआई, रोबोटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में उद्योगों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था होगी।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना स्थानीय एमएसएमई, स्टार्टअप और नए उद्योगों को बढ़ावा देगी, जिससे जिले में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होने की उम्मीद है।औद्योगिक क्षेत्र को प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यहां बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज और इंटरनेट जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही तैयार फैक्ट्री शेड भी बनाए जाएंगे, ताकि उद्यमी मशीनें स्थापित कर शीघ्र उत्पादन शुरू कर सकें। परियोजना के साथ ही आवागमन को सुगम बनाने के लिए गुरमा मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र तक लगभग 15.99 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन में सुविधा मिलेगी तथा उद्योगों की लागत कम होने के साथ उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ेगी।

