तहसील समाधान दिवस में 65 शिकायतें पहुंचीं, 3 का मौके पर निस्तारण

नवागत एसडीएम रवि कुमार पासवान ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश


दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रवि कुमार पासवान ने की। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि एक मामले का समाधान गठित टीम द्वारा कराया गया। इस प्रकार कुल तीन शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष 62 मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसडीएम रवि कुमार पासवान ने कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में कानूनी या तकनीकी जटिलताएं हैं, उनका समाधान वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से कराया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनय प्रभाकर साहनी, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं अन्य विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं का विस्तृत विवरण लिया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
— जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र

ये भी पढ़िए