सोनभद्र : रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार की रात में 248 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 लाख रुपए बताई जा रही है।
रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम और एसओजी टीम ने घुवास बाजार से मेहुड़ी-सजौर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान इन दोनों को हेरोइन की खरीद-बिक्री करते हुए पकड़ा। अधिकारियों को सूचित करने के बाद मेहुड़ी-सजौर पुलिया के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अटल बिहारी यादव और दीपक कुमार भारती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अटल बिहारी यादव के पास से 123 ग्राम और दीपक कुमार भारती के पास से 125 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसका कुल वजन 248 ग्राम है। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1300 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ में अभियुक्त अटल बिहारी यादव ने बताया कि वह हेरोइन लखनऊ से ला रहा था और इसे नशे के आदी लोगों को बेचने की फिराक में था। दीपक कुमार भारती ने भी इसी बात की पुष्टि की।
एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, संग्रहण और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र से अटल बिहारी (पुत्र अयोध्या प्रसाद, निवासी चैनपुर, थाना बभनी) और दीपक कुमार भारती (पुत्र संजय कुमार भारती, निवासी सोनारी, थाना रॉबर्ट्सगंज) को पकड़ा गया।
एएसपी ने आगे बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण या परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।इस संबंध में रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

