(जितेंद्र कुमार चन्द्रवंसी)सोनभद्र : दुद्धी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश लाई जा रही अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। इस मामले में एक मारुति वैगन-आर कार को जब्त कर वाहन मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि कार चालक फरार बताया जा रहा है।
सोनभद्र पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय व क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में थाना दुद्धी पुलिस गुप्ता मोड़ दुम्हान पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दुम्हान गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक वैगन-आर कार में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब और बीयर का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब और बीयर मिली।
बरामद शराब की बोतलों पर “केवल मध्य प्रदेश में बिक्री के लिए” (For Sale in Madhya Pradesh Only) अंकित था, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी की पुष्टि हुई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाना दुद्धी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी में 41 बोतल ओल्ड मंक रम (750 एमएल), 80 शीशी आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की (180 एमएल), किंगफिशर बीयर के 60 केन और बडवाइजर बीयर के 30 केन शामिल हैं। वाहन मालिक की पहचान पटना निवासी अब्दुल कय्युम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

