सोनभद्र : में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 जनवरी को पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। घोरावल थाना क्षेत्र के खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहा के पास हुई इस मुठभेड़ में दो गौ तस्कर घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नौ गोवंश (एक मृत अवस्था में), अवैध हथियार और एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर एक पिकअप वाहन (बिना नंबर प्लेट) से मध्य प्रदेश सीमा (घोरावल थाना क्षेत्र) से गोवंश को बिहार वध के लिए ले जा रहे हैं। इस सूचना पर घोरावल, करमा और शाहगंज थाना पुलिस की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहा के पास घेराबंदी की।
खुद को घिरा देखकर अपराधियों ने भागने का प्रयास किया। उन्होंने पिकअप से एक मुख्य आरक्षी राजीव कुमार को टक्कर मारकर घायल कर दिया और पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिरफ्तार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चालक सिद्धनाथ खरवार (पुत्र सुमेर सिंह, निवासी अमहरा, थाना अधौरा, जिला कैमूर, बिहार, उम्र करीब 29 वर्ष) और वाहन मालिक ओमप्रकाश यादव (पुत्र रामजनम यादव, निवासी चैनपुर,भभुआ, बिहार, उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है।घायल अभियुक्तों और मुख्य आरक्षी राजीव कुमार को इलाज के लिए घोरावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे कैमूर, बिहार के रहने वाले हैं और एक गिरोह का हिस्सा हैं जो लंबे समय से गौ तस्करी में लिप्त है।उन्होंने बताया कि वे इन नौ गोवंशों को मध्य प्रदेश सीमा (घोरावल थाना क्षेत्र) के पास से लाए थे और नौगढ़ होते हुए बिहार ले जा रहे थे।उन्होंने पहले भी इसी तरह कई बार गोवंश की तस्करी की है, जिन्हें बिहार से पश्चिम बंगाल वध के लिए भेजा जाता है।
उक्त बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना घोरावल पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उक्त बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना घोरावल पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
पुलिस मुठभेड़ में सम्मिलित पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक श्री विनोद यादव, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र। 2.प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश सिंह, थाना करमा जनपद सोनभद्र। 3.थानाध्यक्ष श्री राम सिंहासन शर्मा थाना शाहगंज जनपद सोनभद्र। 4.हे0का0 शिवमंगल, का0 संदीप कुमार, हे0का0 राजीव कुमार (घायल) थाना घोरावल जनपद सोनभद्र। 5.हे0का0 संजय गुप्ता, हे0का0 संदीप सिंह, हे0का0 विवेक गिरी थाना करमा जनपद सोनभद्र। 6.उ0नि0 सकिल अहमद, का0 विनय कुमार शामिल रहे।

