सोनभद्र : रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने गांजा तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो लग्जरी स्कॉर्पियो वाहनों से 60 किलोग्राम गांजा बरामद कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई 27 तारीख की रात लगभग 10:30 बजे मिली सूचना के आधार पर की गई। मौके से 5 लाख 20 हजार रुपये नकद और 7 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
बरामद वाहनों में एक स्कॉर्पियो क्लासिक (OD 15 Z 4146) से 40 किलोग्राम गांजा मिला, जबकि दूसरी स्कॉर्पियो (UP 32 3600) से 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार किए गए पांच अभियुक्तों में सुल्तानपुर पुलिस में आरक्षी के पद पर कार्यरत सुनील कुमार यादव भी शामिल है। पूछताछ में पता चला कि सुनील कुमार यादव 2018 में पुलिस सेवा से बर्खास्त हो चुका था, लेकिन बाद में कोर्ट के माध्यम से बहाल हुआ था। वह सूरज कुमार सोनी के साथ गांजा लेने आया था।

गिरफ्तार किए गए अन्य अभियुक्तों में सूरज कुमार सोनी, भास्कर, शुभम और लकी यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सूरज कुमार सोनी पर अकेले सुल्तानपुर, अमेठी और प्रतापगढ़ जनपदों में लगभग 21 मुकदमे दर्ज हैं। कुछ अभियुक्तों पर हत्या जैसे गंभीर धाराओं के तहत भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि ये सभी आदतन अपराधी हैं। सुनील कुमार यादव के संबंध में सुल्तानपुर के एसपी को पत्र लिखा गया है। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक रिकॉर्ड और हिस्ट्रीशीट खोलने के लिए संबंधित जनपदों को भी सूचित किया गया है, ताकि उन पर निगरानी रखी जा सके। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को लगभग 10,000 रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि यह गिरोह लखनऊ, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और दिल्ली तक गांजे की सप्लाई करता है। कुछ व्यक्ति ट्रेनों के माध्यम से ओडिशा से गांजा लाते हैं। पुलिस अब एक बड़े सप्लायर की तलाश में जुटी है।

