सोनभद्र। जनपद के रावर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर में सर्विस लेन पर हुए अतिक्रमण पर क्षेत्रीय लोगों ने IGRS कर सोनभद्र पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। गौरतलब है कि वाराणसी शक्तिनगर मुख्यमार्ग पर मधुपुर बाजार के पास बड़ी संख्या में दुकानदारों के द्वारा अतिक्रमण किया गया है, जिससे पैदल चल रहे लोग बीच हाइवे से आवागमन करने के लिए बाध्य होते हैं और सड़क दुघर्टना का शिकार हो जाते हैं। सर्विस लेन में अतिक्रमण के कारण सैकड़ों छोटी बड़ी घटनाएं घटती हैं जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौत के मुंह में चले जाते हैं।

जिससे परेशान होकर दर्जनों क्षेत्रीय लोगों द्वारा सोनभद्र प्रशासन व पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा को लिखित पत्र लिखकर तथा IGRS के जरिए सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाया गया जिसको सोनभद्र पुलिस ने तत्काल संज्ञान में लेकर 30 जनवरी 2026 दिन शुक्रवार को दोपहर में ध्वनि यंत्र (माइक) द्वारा एलाउंस कर स्वयं ही अतिक्रमण हटाने घोषणा की गई। एलाउंस कर लोगों को आगाह किया गया कि आगामी 31 जनवरी 2026 से जो भी दुकानदार सर्विस लेन पर अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बताया गया कि यदि सख्ती बरतनी पड़ी तो प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इस दौरान सुकृत चौकी प्रभारी रविकांत मिश्र, हेड कांस्टेबल भरत यादव सहित सड़क सुरक्षा से संबंधित लोग तथा दर्जनों क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

