(अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र। जनपद के साइबर थाना पुलिस ने ठगी के शिकार 48 पीड़ितों के खाते में 23 लाख 12 हजार 636 रुपये वापस करा दिया है। यह धनराशि एक जनवरी से 31 जनवरी तक के साइबर ठगी पीड़ितों की है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस लाइन सभागार में इसके बारे में जानकारी दी। उन्हाेंने पीड़ितों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा।
बताया कि जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा साइबर ठगी से पीड़ित नागरिकों को शीघ्र न्याय एवं राहत प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस सघन एवं निरंतर अभियान चला रही है। पुलिस ने माह दिसम्बर 2025 में साइबर ठगी से प्रभावित पीड़ितों की कुल 16 लाख 61 हजार 352 रुपये की धनराशि व माह जनवरी वर्ष 2026 में एक जनवरी से 31 जनवरी तक साइबर ठगी के कुल 48 पीड़ितों की कुल 23 लाख 12 हजार 636 रुपये की राशि पीड़ितों के मूल बैंक खातों में सकुशल वापस कराया है।
पुलिस के साइबर सेल ने यह सफलता एनसीआरपी पोर्टल पर सतत निगरानी, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान, संदिग्ध खातों को तत्काल होल्ड कराना, डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण तथा विभिन्न बैंकों से निरंतर समन्वय स्थापित कर प्राप्त की है। एसपी ने लोगों से अपील किया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

