रॉबर्ट्सगंज टोल प्लाजा मारपीट के, दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

(अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र : रॉबर्ट्सगंज थाना अंतर्गत टोल प्लाजा पर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

बता दे कि घटना 1 फरवरी को दोपहर रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रान्तर्गत स्थित लोढ़ी टोल प्लाजा पर हुई थी। अधिवक्ता आरती पाण्डेय अपने परिवार के साथ अपने वाहन संख्या UP64 AU9142 (टोयोटा ग्लैंजा) से रॉबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जा रही थीं।

टोल लेन संख्या-03 में अगली गाड़ी का मैसेज प्राप्त न होने और टोल क्रॉस न हो पाने के कारण कुछ वाहन खड़े हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। इस कारण कुछ मिनटों की देरी होने पर आरती पाण्डेय के परिवार और टोल कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में विवाद और मारपीट में बदल गई।

अधिवक्ता आरती पाण्डेय निवासी सिविल लाइन रोड, कचहरी की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज थाने में बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना से संबंधित दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान रामजी तिवारी पुत्र जयनारायण तिवारी, निवासी भौली कुरारा, जनपद हमीरपुर (उ.प्र.) और सर्वेश यादव पुत्र शिवशंकर यादव, निवासी करमीशिपुर मालीपुर, जनपद अम्बेडकर नगर (उ0प्र0) के रूप में हुई है।

इस मामले में 7-8 अज्ञात टोल कर्मियों की तलाश जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव (चौकी प्रभारी चुर्क) और उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव (चौकी प्रभारी लोढ़ी) शामिल थे।

ये भी पढ़िए