
(वकील खान) सोनभद्र।घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खुटहां बाईपास नहर के पास मंगलवार की भोर मे सड़क किनारे खड़े थ्रेसर ट्रैक्टर व ऑटो में टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो में सवार युवक की मौत हो गई। शिवद्वार चौकी के पुलिस ने मंगलवार को सुबह शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज रही है। इस दुर्घटना में घोरावल कोतवाली क्षेत्र के शिवद्वार ग्राम पंचायत के डोमिनी टोला निवासी युवक नीतू यादव 27 वर्ष पुत्र राजकुमार की मौत हो गई। ऑटो मे उसी गांव के दो युवक भी सवार थे जिन्हें मामूली खरोच आई।
बताया जाता है कि बीते रविवार की रात क्षेत्र के केवली मे राम प्रवेश निवासी डोमिनी की ऑटो पलट गई थी। ऑटो क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसे रिपेयर करवाना था। रिपेयर करवाने के लिए टोचन करके दूसरे ऑटो के सहारे क्षतिग्रस्त ऑटो को रामप्रवेश का भाई नीतू मीरजापुर ले गया था। ऑटो को रिपेयर करने के लिए मिर्जापुर में छोड़कर दूसरी ऑटो में सवार होकर नीतू अपने गांव के दो साथियों के साथ रात के वक्त घर लौट रहा था। खुटहा बाईपास रोड पर नहर के समीप सड़क किनारे थ्रेसर ट्राली खड़ी थी। ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर थ्रेसर ट्राली मे भिड़ गया। ऑटो क्षतिग्रस्त हो गई, शीशा टूट गया। इस हादसे में नीतू के सिर व मुँह मे चोट आई। टक्कर के बाद आवाज सुनकर कुछ लोग वहाँ जुट गए। सूचना एम्बुलेंस को दी गई। अचेत अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया। गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में नीतू के परिजन जुट गए। नीतू की माँ कलावती व परिजन उसे लेकर घोरावल क्षेत्र के खुटहां में स्थित एक निजी अस्पताल ले गए जहां उसे देखकर मृत घोषित कर दिया गया। घटना से परिजनों मे कोहराम मच गया। परिजन शव को लेकर घर चले गए। मंगलवार की सुबह शिवद्वार चौकी पुलिस को सूचना मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया मे पुलिस लगी रही।

