शिक्षा व्यवस्था पर सीडीओ का कड़ा रुख, दूर-दराज के स्कूलों में होगी औचक छापेमारी

लापरवाह शिक्षकों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं


रिपोर्ट : मदन मोहन, चंदौली। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता तथा ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
सीडीओ ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को हर हाल में बेहतर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के विद्यालयों में अधिकारियों की विशेष टीमें बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण करें और निरीक्षण की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले तथा शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए। बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर


बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) के छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी तथा छात्राओं के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ऑपरेशन कायाकल्प और डीबीटी में तेजी के निर्देश


सीडीओ ने निर्माण कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा ऑपरेशन कायाकल्प के शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया। वहीं छात्रवृत्ति एवं यूनिफॉर्म की धनराशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सीडीओ द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस दौरान समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, अपर पंचायत राज अधिकारी एवं अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए